HomeBIHARबेतियाबाइक की ठोकर से ओमप्रकाश की मौत, शव सड़क पर रख 4...

बाइक की ठोकर से ओमप्रकाश की मौत, शव सड़क पर रख 4 घंटे तक प्रदर्शन।

मुआवजे के आश्वासन पर हटा शव, जाम में फंसे स्कूली बच्चे और यात्री रहे परेशान।

देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।

लौरिया। मंगुराहा नया बस्ती में बाइक की ठोकर से ओमप्रकाश केशव की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने मृतक का शव एनएच-727 पर रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब चार घंटे तक लौरिया-बेतिया मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

शव को सड़क पर रखकर परिजन मुआवजे की मांग करते हुए बिलखते रहे। उनका कहना था कि जब तक परिवार को सरकारी मुआवजा दिलाने का ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक शव को सड़क से नहीं हटाया जाएगा।

जाम की सूचना पर लौरिया, साठी, शनिचरी और शिकारपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी नरकटियागंज समेत वरीय पुलिस अधिकारियों ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। सीओ आशु रंजन, बीडीओ संजीव कुमार, थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान समेत स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। मुखिया प्रतिनिधि अविनाश शेखर, सरपंच प्रतिनिधि चंद्रशेखर प्रसाद, जिला पार्षद प्रतिनिधि मैनेजर यादव, अरनव यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

करीब चार घंटे तक समझाने-बुझाने और मान-मनौव्वल के बाद सीओ आशु रंजन और पुलिस अधिकारियों ने सरकारी स्तर पर मुआवजा दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन शव को सड़क से हटाने के लिए तैयार हुए। शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

इधर, लंबे समय तक सड़क जाम रहने से आम यात्रियों को काफी परेशानी हुई। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में कई स्कूली बसें भी फंसी रहीं। बसों में बैठे बच्चे घंटों भूख-प्यास से परेशान रहे। यात्री भी जाम खुलने का इंतजार करते रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular