◆17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा स्वच्छता अभियान
◆स्वच्छता को लेकर पंचायतों में चलेगा विशेष अभियान
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। प्रखंड क्षेत्र में स्वच्छता को लेकर विशेष अभियान की शुरुआत गुरुवार को प्रखंड सभागार से हुई। ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026’ के शुभारंभ के मौके पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता का संकल्प लिया। बीडीओ संजीव कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी दिनेश पुरी और प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी संजीव कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
अभियान के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रखंड की सभी पंचायतों में अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान सरकारी कार्यालयों के अलावा बस स्टैंड, हाट-बाजार, तालाब और अन्य सार्वजनिक स्थानों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। पंचायत स्तर पर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार अभियान भी चलाया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रखंड समन्वयक स्वच्छता, स्वच्छता पर्यवेक्षक समेत अन्य कर्मियों ने स्वच्छता की शपथ ली। कर्मियों ने स्वयं स्वच्छ रहने के साथ आसपास के लोगों को भी साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कचरा प्रबंधन के प्रति किया जाएगा जागरूक
अभियान के दौरान ग्रामीणों को घर और आसपास गंदगी नहीं फैलाने, कचरे का उचित निस्तारण करने तथा गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। शैक्षणिक संस्थानों में भी स्वच्छता से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को अभियान से जोड़ने की योजना है।
जनसहयोग से अभियान को सफल बनाने पर जोर
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी व्यवस्था की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें आम लोगों की भागीदारी जरूरी है। ग्रामीणों से अपने गांव, टोला और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने तथा अभियान के दौरान श्रमदान करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत-विकसित भारत’ की भावना के साथ पंचायतों में गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया।



