पंचायत कार्यालयों से आंगनबाड़ी केंद्र तक जलेंगे दीये।
पंचायत कार्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र और अन्य सरकारी प्रतिष्ठान होंगे रोशन; जीविका समूहों से खरीदे जाएंगे दीये।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को लौरिया प्रखंड में सरकारी स्तर पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के सरकारी भवनों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों और अन्य सरकारी प्रतिष्ठानों को शाम के समय मिट्टी के दीयों से रोशन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर प्रखंड प्रशासन ने संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
बीडीओ संजीव कुमार ने बताया कि सभी पंचायतों में कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए पंचायत सचिवों और कार्यपालक सहायकों को जिम्मेदारी दी गई है। निर्धारित समय पर संबंधित सरकारी भवनों में दीप जलाए जाएंगे।
कार्यक्रम के लिए मिट्टी के दीये, तेल और बाती की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो। पंचायत स्तर पर तैनात कर्मी इसकी निगरानी करेंगे।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि मिट्टी के दीयों की खरीदारी जीविका समूहों के माध्यम से की जाएगी। इससे कार्यक्रम के साथ-साथ स्थानीय जीविका समूहों को भी रोजगार और आय का अवसर मिलेगा।
प्रखंड प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर दीप प्रज्वलन के माध्यम से ‘सेवा संकल्प’ दिवस के रूप में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए पंचायत स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



