HomeBIHARलापरवाही, कर्तव्यहीनता और भ्रष्टाचार के आरोप मे पहाड़पुर के थानाध्यक्ष मनीष को...

लापरवाही, कर्तव्यहीनता और भ्रष्टाचार के आरोप मे पहाड़पुर के थानाध्यक्ष मनीष को एसपी ने किया निलंबित, नए थानाध्यक्ष बने देवेंद्र कुमार

तस्वीर -पहाड़पुर के नए थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार 
देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
पुलिसिंग में लापरवाही, कर्तव्यहीनता और भ्रष्टाचार के आरोप में एसपी स्वर्ण प्रभात ने पहाड़पुर थानाध्यक्ष मनीष कुमार को निलंबित कर दिया है। एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिसिंग में किसी भी तरह की लापरवाही, कर्तव्यहीनता और भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
बताया जाता है कि 19 सितंबर की रात पहाड़पुर थाना क्षेत्र के सरेया बरवा टोला निवासी विजय कुमार साह के साथ कारखाना मंदिर के पास दो बाइक पर सवार शराब कारोबारियों ने मारपीट की थी। विजय के शोर मचाने पर दोनों बाइक सवार अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर डायल-112 और थाना पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों बाइक की तलाशी ली तो उनकी डिक्की से शराब बरामद हुई।
पुलिस दोनों बाइक को जब्त कर थाने ले आई। जांच में दोनों बाइक के चोरी की होने की भी जानकारी सामने आई। मारपीट में घायल विजय कुमार साह ने मामले में कार्रवाई के लिए थाना में आवेदन दिया था। आरोप है कि थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की। इतना ही नहीं, पुलिस द्वारा जब्त की गई दोनों बाइक को कथित रूप से संबंधित शराब कारोबारियों को ही सौंप दिया गया।
इसके बाद मामले की शिकायत एसपी स्वर्ण प्रभात से की गई। एसपी के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद गुरुवार को थानाध्यक्ष मनीष कुमार को निलंबित कर दिया गया।
एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि पुलिस पदाधिकारी अपने कर्तव्यों के प्रति पूरी तरह जिम्मेदार रहें। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
इधर, पहाड़पुर थाना के नए थानाध्यक्ष के रूप में देवेंद्र कुमार की पदस्थापना की गई है। देवेंद्र कुमार पश्चिम चंपारण जिले के कुमारबाग और नवलपुर थाना के थानाध्यक्ष रह चुके हैं।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular