देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा दांव पर लगती नजर आ रही है। रक्सौल से हावड़ा जाने वाली ट्रेन संख्या 13022 मिथिला एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर उचक्कों ने एक यात्री की पत्नी का पर्स काटकर करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी कर लिए।
घटना 25 सितंबर की दोपहर 12 बजे के करीब की है। यात्री विशाल मिश्रा अपनी पत्नी निकिता मिश्रा के साथ बापूधाम मोतिहारी स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-01 पर मिथिला एक्सप्रेस के कोच संख्या बी-3 में सवार हो रहे थे। गेट पर अत्यधिक भीड़ होने के कारण अज्ञात चोरों ने मौका पाकर पर्स की चेन खोल ली और अंदर रखे एक सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, टॉप्स तथा एक जोड़ा सोने की बाली चुरा ली। बर्थ पर पहुंचने के बाद पर्स खुला देख उनलोगों को घटना की जानकारी हुई।
रेल थानाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर चोरों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। मामले के अनुसंधानकर्ता दारोगा अशोक सिंह द्वारा आगे की जांच की जा रही है। बढ़ती ऐसी घटनाओं ने रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



