-विद्यालय में भक्तिमय माहौल, श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप ने मोहा सबका मन
पीपराकोठी : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर राजकीय मध्य विद्यालय तेनुआ में गुरुवार को स्कूली बच्चों द्वारा राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकी प्रस्तुत की गई. झांकी के माध्यम से बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, राधा-कृष्ण के प्रेम और उनकी लीलाओं का सुंदर चित्रण किया. बच्चों की आकर्षक वेशभूषा और भावपूर्ण प्रस्तुति ने विद्यालय परिसर में उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का मन मोह लिया. कार्यक्रम के दौरान पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा. कार्यक्रम का निर्देशन विद्यालय की शिक्षिका रूबी कुमारी एवं प्रियंका भारती ने किया. दोनों शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में बच्चों ने झांकी के लिए कई दिनों तक अभ्यास किया था। राधा की भूमिका खुशी कुमारी तथा श्रीकृष्ण की भूमिका आयुष कुमार ने निभाई. दोनों ने पारंपरिक वेशभूषा में अपनी भूमिका को जीवंत कर दिया. वहीं अन्य कलाकारों के रूप में अंजली कुमारी, शलोनी कुमारी, ज्योति कुमारी, खुशबू कुमारी एवं हैप्पी कुमारी ने अपनी-अपनी भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को आकर्षक बनाया. झांकी के दौरान बच्चों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जुड़े प्रसंगों को प्रस्तुत किया. कृष्ण के रूप में सजे आयुष कुमार तथा राधा के रूप में खुशी कुमारी को देखकर विद्यालय के अन्य छात्र-छात्राएं काफी उत्साहित नजर आए। शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों से बच्चों में भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों के प्रति रुचि बढ़ती है. मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेंद्र राम, मनोरंजन कुमार दुबे, रेखा कुमारी एवं सरिता कुमारी सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे. प्रधानाध्यापक ने सभी प्रतिभागी बच्चों एवं कार्यक्रम के निर्देशन में सहयोग करने वाली शिक्षिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है.



