देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र के जैल मुरारपुर गांव में दो माह पूर्व हुए युवक शिवकुमार राम हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की मुख्य आरोपी युवती आरती कुमारी को पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरती जैल मुरारपुर गांव की निवासी है और मृतक की प्रेमिका बताई जा रही है।
बताया जाता है कि मृतक शिवकुमार राम कोटवा थाना क्षेत्र के फतुहा गांव का रहने वाला था। 19 जून 2026 को उसकी लाश जैल मुरारपुर गांव में एक पेड़ से लटकी हुई बरामद हुई थी। शुरुआत में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ, लेकिन परिजनों की शिकायत के बाद हत्या का मामला दर्ज किया गया।
मृतक की पत्नी गुड़िया देवी ने हरसिद्धि थाना में आवेदन देकर आरती कुमारी समेत 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति का आरती कुमारी के साथ प्रेम प्रसंग था, जिसे लेकर घटना से लगभग एक माह पहले पंचायत भी हुई थी। आरोप के अनुसार, 18 जून की रात आरती कुमारी और उसके परिजनों ने शादी कराने के बहाने शिवकुमार राम को बुलाया, जहां उसकी बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को पेड़ से लटका दिया गया।
हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मुख्य आरोपी आरती कुमारी को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले का शीघ्र ही चार्जशीट दाखिल किया जाएगा।




