देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण के हरसिद्धि थाना क्षेत्र में महिला नजमा खातून की गला रेतकर हत्या कर रुपये लूटने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में किसी बाहरी अपराधी का नहीं, बल्कि मृतका के सगे बेटे का ही हाथ निकला। पुलिस ने आरोपी आलम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त चाकू (डैगर), खून से सने कपड़े, चप्पल तथा लूटे गए 89,650 रुपये भी बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
मामले का खुलासा करते हुए अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि पहाड़पुर थाना क्षेत्र के बनकटवा गांव निवासी झुमन मियां की पत्नी नजमा खातून 18 अगस्त को अरेराज स्थित यूनियन बैंक से रुपये निकालकर अपने पुत्र आलम हुसैन के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। पुलिस जांच में सामने आया कि आलम पहले से ही अपनी मां की हत्या की साजिश रच चुका था। वह अरेराज से ही एक डैगर खरीदकर अपनी कमर में छिपाकर साथ लाया था।
घर लौटने के दौरान खोड़ी पाकड़ चिमनी के समीप उसने अपनी मां को झांसे में लेते हुए कहा कि गन्ने के खेत में चोरी का चावल रखा हुआ है, जिसे दिखाना है। मां उसके भरोसे में आकर खेत के अंदर चली गईं। वहीं पहले से बनाई गई योजना के तहत आलम ने डैगर से उनकी गला रेतकर हत्या कर दी और बैंक से निकाले गए रुपये लेकर फरार हो गया।
घटना को लूटपाट का रूप देने के लिए आरोपी गांव की सड़क पर पहुंचकर रोने-बिलखने लगा और ग्रामीणों को बताया कि अज्ञात बदमाशों ने उसकी मां को अग़वा कर रुपये लूट लिए हैं। हरसिद्धि पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाकर जांच आगे बढ़ाई। घटनास्थल से मिले सबूत, आरोपी की गतिविधियों और पूछताछ के आधार पर पुलिस को उस पर शक हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने पूरी साजिश कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डैगर, खून से सने कपड़े, चप्पल तथा लूटे गए 89,650 रुपये बरामद कर लिए। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इस पूरे मामले के सफल उद्भेदन में अरेराज डीएसपी रवि कुमार के नेतृत्व में हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार, अपर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, दारोगा नेहा वर्षा एवं अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। उन्होंने कहा कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पैसों के लालच में अपनी ही मां की हत्या कर रिश्तों को शर्मसार कर दिया। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।




