-मोतिहारी के परम्बा शक्ति पीठ सेवा ट्रस्ट में नौ दिवसीय भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ
-देश के कोने-कोने से उमड़े हजारों श्रद्धालु, अखंड रामधून संकीर्तन से गुंजायमान हुआ माहौल
देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। अम्बिका नगर स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल परम्बा शक्ति पीठ सेवा ट्रस्ट में रविवार से नौ दिवसीय भव्य गुरु पूर्णिमा महोत्सव का श्रद्धा और उल्लास के साथ शुभारंभ हो गया। इस पावन अवसर पर आयोजित विशेष आध्यात्मिक सभा को संबोधित करते हुए परम्बा शक्ति पीठाधीश्वर शलगरानन्द सरस्वती उर्फ चंचल बाबा ने गुरु की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपने ओजस्वी व्याख्यान में उपस्थित जनसमुदाय को निहाल किया।
कहा कि गुरु पूर्णिमा मात्र एक परंपरा या त्योहार नहीं है, बल्कि यह कृतज्ञता, परम ज्ञान और गुरु-शिष्य के अटूट पावन रिश्ते का उत्सव है। वर्तमान समय में वैश्विक अशांति को दूर कर समाज में अमन-चैन और शांति स्थापित करने में गुरु पूर्णिमा और गुरु के मार्गदर्शन का विशेष महत्व है।
प्रतिवर्ष की भाँति आयोजित होने वाले इस भव्य नौ दिवसीय महोत्सव के पहले दिन रविवार को हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति देखी गई। महोत्सव का शुभारंभ नौ दिवसीय अखंड रामधून संकीर्तन संध्या, दिव्य भजनों और सारगर्भित प्रवचनों के साथ हुआ। इस आध्यात्मिक समागम में सम्मिलित होने के लिए देश के कोने-कोने से भारी संख्या में श्रद्धालु और भक्तगण मोतिहारी पहुंचे हैं, जिससे संपूर्ण क्षेत्र भक्तिमय रस में सराबोर हो उठा है।
समारोह को सुव्यवस्थित और भव्य बनाने में आश्रम प्रबंधन एवं स्थानीय प्रबुद्ध जनों की टीम पूरी तत्परता से जुटी हुई है। व्यवस्थापक के अनुसार, कार्यक्रम के सफल संचालन और व्यवस्थाओं को संभालने में मुख्य रूप से चंद्र किशोर पाण्डेय, प्रभुनाथ सिंह, संदिप कुमार, डॉ. एसएन सिंह, जितेन्द्र कुमार तथा अनिल सिंह सहित सैकड़ों समर्पित भक्त पूरी निष्ठा के साथ सक्रिय योगदान दे रहे हैं।












