देशवाणी।आशा कुमारी
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो हत्याकांडों में मुख्य आरोपी बताए जा रहे असलम मियां को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे रक्सौल बॉर्डर क्षेत्र से पकड़ा। थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गिरफ्तार असलम मियां मूल रूप से बड़ा बरियारपुर निवासी सोबराती मियां का पुत्र है। वर्तमान में वह मठलोहियार टोला छतवनिया में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार, वह अजय पटेल हत्याकांड का मुख्य आरोपी है। हत्या के बाद से वह फरार चल रहा था और नेपाल में छिपकर रहने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, 8 मई 2026 की रात मे मठलोहियार टोला छतवनिया के युवक अजय पटेल की हत्या कर उसके शव को झोपड़ी में टांग दिया गया था। मामले में मृतक की मां प्रेमा देवी ने हरसिद्धि थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में असलम मियां, उसकी पत्नी सब्बू खातून सहित अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया था।
पुलिस की जांच में हत्या के पीछे अजय पटेल और असलम मियां की पत्नी के बीच कथित अवैध संबंध की बात सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर असलम मियां नाराज था। आरोप है कि उसने अपनी पत्नी और अन्य लोगों के सहयोग से 8 मई की रात अजय पटेल की हत्या कर दी और शव को झोपड़ी में टांग दिया।
मामले में पुलिस पहले ही असलम की पत्नी सब्बू खातून को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं असलम घटना के बाद से पुलिस से बचने के लिए नेपाल चला गया था। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही थी। इसी बीच उसके रक्सौल बॉर्डर क्षेत्र में होने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
असलम पर पहाड़पुर थाना क्षेत्र के नोनेया तुरहा टोली निवासी खूबलाल साह हत्याकांड में भी शामिल होने का आरोप है। हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।



