HomeBIHARतुरकौलिया के कवलपुर नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में बड़ी घटना टली, दरी के...

तुरकौलिया के कवलपुर नवसृजित प्राथमिक विद्यालय में बड़ी घटना टली, दरी के नीचे बैठा था विषैला गेहूंअन सांप, बच्चों की नजर पड़ते ही मची अफरातफरी

देशवाणी। आशा कुमारी 
मोतिहारी।
तुरकौलिया प्रखंड क्षेत्र के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय कवलपुर में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब कक्षा प्रथम में बच्चों के बैठने वाली दरी के नीचे विषैला गेहूंअन सांप मिला। हालांकि समय रहते शिक्षक की नजर पड़ जाने से बड़ी घटना टल गई।
बताया जाता है कि स्कूल खुलने के बाद बच्चे प्रार्थना कर अपने-अपने वर्ग कक्ष में चले गए थे। कक्षा प्रथम के बच्चे दरी पर बैठकर पढ़ाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक शिक्षक और बच्चों की नजर दरी के नीचे छिपे सांप पर पड़ी। सांप दिखते ही बच्चे और शिक्षिकाएं शोर मचाते हुए कक्षा से बाहर भागने लगे। देखते ही देखते पूरे विद्यालय परिसर में भगदड़ की स्थिति बन गई।
घटना से शिक्षिका शिल्पी भारती और प्रिया कुमारी काफी घबरा गईं। डर के कारण बच्चे विद्यालय परिसर से बाहर निकल गए। इस दौरान गेहूंअन सांप ने फन निकाल लिया था, जिससे वहां मौजूद लोगों में भय का माहौल बन गया।
इसी बीच शिक्षक शाहबुद्दीन आलम ने हिम्मत दिखाई। उन्होंने एक बड़ा डंडा लेकर सांप को मार दिया। सांप के मारे जाने के बाद विद्यालय में मची अफरातफरी शांत हुई और बच्चों व शिक्षकों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने बताया कि बच्चे जिस दरी पर बैठे थे, उसी के नीचे सांप छिपा हुआ था। अगर समय रहते इसकी जानकारी नहीं होती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद तौशिफ सहित शिक्षक निरंजन कुमार और श्रीओम ने शिक्षक शाहबुद्दीन आलम के साहस की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक की तत्परता और हिम्मत के कारण बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular