HomeBIHARबेतिया में सेनको ज्वेलर्स शोरूम से करोड़ों के आभूषण की दिनदहाड़े लूट,...

बेतिया में सेनको ज्वेलर्स शोरूम से करोड़ों के आभूषण की दिनदहाड़े लूट, आठ हथियारबंद अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम

तीन बाइक से पहुंचे अपराधियों ने करीब 20 मिनट तक मचाया तांडव, डीआईजी और एसएसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर शुरू की जांच

देशवाणी।

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिला मुख्यालय बेतिया में बुधवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े बड़ी लूट की वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी। नगर के कालीबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-727 स्थित सुप्रिया रोड के सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर करोड़ों रुपये के सोना, चांदी और हीरे के आभूषण लूट लिए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लूटे गए आभूषणों की कीमत 30 से 40 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, शोरूम प्रबंधन की ओर से अभी तक नुकसान का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।

तीन बाइक से पहुंचे आठ हथियारबंद अपराधी

बताया जाता है कि तीन बाइक पर सवार होकर पहुंचे करीब आठ अपराधी हथियारों से लैस थे। शोरूम में प्रवेश करते ही उन्होंने कर्मचारियों को हथियार के बल पर आतंकित किया और विरोध करने पर उनके साथ जमकर मारपीट की। इसके बाद अपराधियों ने शोरूम के फर्स्ट और सेकंड फ्लोर पर करीब 20 मिनट तक लूटपाट की। वे बड़ी मात्रा में सोना, चांदी और हीरे के आभूषण लेकर फरार हो गए।

घटनास्थल पर पहुंचे डीआईजी और एसएसपी

घटना की सूचना मिलते ही चंपारण रेंज के डीआईजी हरकिशोर राय और एसएसपी कुमार गौतम घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने शोरूम का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास के प्रतिष्ठानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

जिलेभर में अलर्ट, छापेमारी तेज

इतनी बड़ी लूट की घटना के बाद जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर छापेमारी के साथ प्रमुख सड़कों और सीमावर्ती इलाकों में वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

शहर के व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस बड़ी वारदात ने पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 20 मिनट तक अपराधियों का शोरूम में लूटपाट करना और फिर आसानी से फरार हो जाना शहर की कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान, गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular