बेतिया/नरकटियागंज। रेल प्रशासन ने नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर सफर करने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ी पहल की है। यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए इस रूट पर ट्रायल के तौर पर एक जोड़ी नई पैसेंजर स्पेशल ट्रेन के परिचालन को मंजूरी दे दी गई है।
मंगलवार से इस ट्रेन का परिचालन विधिवत रूप से शुरू भी कर दिया गया है।जानकारी देते हुए नरकटियागंज के स्टेशन अधीक्षक मोहम्मद कलीम ने बताया कि वर्तमान में इस ट्रेन को ट्रायल के रूप में चलाया जा रहा है, लेकिन यात्रियों की सुविधा को देखते हुए जल्द ही इसे नियमित किए जाने की पूरी संभावना है।
स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि यह ट्रेन नरकटियागंज से प्रतिदिन शाम 6 बजे मुजफ्फरपुर के लिए प्रस्थान करेगी वही, मुजफ्फरपुर से वापसी प्रतिदिन रात्रि 11 बजे नरकटियागंज के लिए होगी।
वही इस नई पैसेंजर ट्रेन के शुरू होने से दैनिक यात्रियों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है। दरअसल, नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर दोपहर के बाद एक भी पैसेंजर ट्रेन की सुविधा उपलब्ध नहीं थी। इस वजह से छोटे स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
यात्री लंबे समय से दोपहर बाद नरकटियागंज से मुजफ्फरपुर के लिए और देर रात मुजफ्फरपुर से वापसी के लिए पैसेंजर ट्रेन की मांग कर रहे थे। इस ट्रेन के शुरू होने से छोटे व्यवसायियों, नौकरीपेशा लोगों और आम यात्रियों को सीधा फायदा पहुंचेगा। इस ट्रेन के चलने से अब शाम और देर रात के समय भी यात्रियों को एक किफायती और सुलभ परिवहन का साधन मिल गया है, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।












