HomeBIHARबेतियातेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, तीन युवकों की...

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में मारी टक्कर, तीन युवकों की मौत; एक ही गांव के थे तीनों

बेतिया जाने के दौरान जिरिया बंगाली माई स्थान के पास हुआ हादसा।

इलाज के लिए ले जाते समय तीनों ने तोड़ा दम; अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस।

देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।

लौरिया। लौरिया बेतिया एनएच -727 पर जिरिया बंगाली माई स्थान के समीप बुधवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक ही बाइक पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया गया। बेतिया पहुंचते ही तीनों युवकों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान बेलवा लखनपुर पंचायत के मौलानगर जवाहिरपुर गांव निवासी नथुनी मियां के 20 वर्षीय पुत्र याकुब मियां, दिलजान मियां के 22 वर्षीय पुत्र शाहिल मियां और रामबालक साह के पुत्र सुंदर साह के रूप में हुई है। याकुब और शाहिल आपस में चचेरे भाई थे। हादसे में शामिल बाइक सुंदर साह की बताई जा रही है। तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले और अविवाहित थे। ग्रामीणों के अनुसार तीनों अपने-अपने परिवार के छोटे बेटे थे।

*बेतिया जाने के दौरान हुआ हादसा*

बताया गया कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बेतिया जा रहे थे। इसी दौरान जिरिया बंगाली माई स्थान के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर लौरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

*अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस*

हादसे के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जिरिया माई स्थान के पास एनएच-727 से जब्त कर लिया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।

लौरिया थानाध्यक्ष इंद्रजीत पासवान ने बताया कि घटना बेहद दुखद है। पुलिस मामले में अग्रतर कार्रवाई कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

*तीन मौतों से गांव में पसरा मातमी सन्नाटा*

एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही मौलानगर जवाहिरपुर गांव में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों में भी शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

समाचार लिखे जाने तक तीनों शवों का जीएमसीएच बेतिया में पोस्टमार्टम चल रहा था। शव गांव नहीं पहुंचा था। एक ही गांव के तीन युवकों की एक साथ मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular