HomeBIHARबेतियानरकटियागंज फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर,...

नरकटियागंज फ्लाईओवर पर भीषण हादसा, ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर, बेहतर इलाज के लिए रेफर

  • अंधेरे के कारण फ्लाईओवर पर बना रहता है दुर्घटना का खतरा, परिजनों में मचा कोहराम
  • स्थानीय लोगों ने रोशनी की कमी को लेकर जताया आक्रोश, पुलिस जांच में जुटी

Bettiah, रवि कुमार मिश्रा

पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज स्थित ओवरब्रिज पर गुरुवार की शाम को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित ट्रैक्टर की भीषण ठोकर से एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौका पाकर वाहन समेत फरार हो गया। घायल की पहचान कोइरगांवा गांव निवासी रामजी के रूप में हुई है।

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने मारी टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, राम जी अपनी मोटरसाइकिल से फ्लाईओवर होकर गुजर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे में उनके हाथ-पैर में गंभीर फ्रैक्चर और चेहरे पर गहरी चोटें आई हैं।

112 की टीम ने अस्पताल पहुंचाया

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। फ्लाईओवर से गुजर रहे राहगीरों और सूचना पर पहुंची डायल 112 की पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तत्काल नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फ्लाईओवर पर अंधेरे से आक्रोश

हादसे के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स ने फ्लाईओवर पर रोशनी की माकूल व्यवस्था न होने पर कड़ा आक्रोश जताया है। लोगों का कहना है कि पर्याप्त लाइट न होने के कारण फ्लाईओवर पर हमेशा अंधेरा रहता है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

घटना के संबंध में थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। मामले की छानबीन की जा रही है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular