Bettiah.रवि कुमार मिश्रा
बेतिया/नरकटियागंज। बिहार पंचायत सेवा संघ के आह्वान पर पश्चिम चम्पारण जिले में पदस्थापित पंचायत सेवा के अधिकारियों ने अपनी सेवा एवं संवर्ग से जुड़ी समस्याओं के निराकरण को लेकर मोर्चा खोल दिया है। संघ के निर्देश के आलोक में बुधवार को बीपीआरओ विवेक आर्या ने काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध जताया है। बीपीआरओ ने बताया कि जिला पंचायत राज पदाधिकारी बेतिया को एक आधिकारिक सूचना पत्र सौंपते हुए जिले के सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारियो ने कार्यालय अवधि के दौरान काली पट्टी बांधकर सांकेतिक विरोध दर्ज कराया है। उन्होंने कहा कि पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया है कि संघ द्वारा लंबे समय से अपनी वाजिब मांगों एवं संवर्ग से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए शासन व प्रशासन स्तर पर निरंतर वार्ता, पत्राचार और अनुरोध किया जाता रहा है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई या सकारात्मक पहल नहीं की गई है, जिससे संघ के सदस्यों में गहरा असतोष व्याप्त है। बीपीआरओ ने कहा कि यह विरोध पूरी तरह से सांकेतिक है। विरोध प्रदर्शन के दौरान सभी अधिकारी कार्यालय अवधि में काली पट्टी धारण कर अपना दैनिक कार्यो का निष्पादन करेंगे और सरकारी कार्यों को पूर्व की तरह सुचारू रूप से संचालित रखा जाएगा, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि संघ के आगामी दिशानिर्देश प्राप्त होने के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।



