देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। गुरुवार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को चरखा पार्क के निकट निर्माणाधीन पंडित दीनदयाल उपाध्याय पुस्तकालय के सभागार में भाजपा जिला पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। सांसद एवं पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधा मोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन की संध्या पर मरीन ड्राइव, मठ-मंदिरों, सार्वजनिक स्थलों, बूथों और कार्यकर्ताओं के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम मनाने का निर्णय लिया गया। सांसद श्री सिंह ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर इस अभियान को सेवा, समर्पण और जनकल्याण का प्रतीक बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं और आम जनता से कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया। इस बैठक में मोतिहारी विधायक प्रमोद कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी के जिला पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष और अन्य गणमान्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



