देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को मोतिहारी में एक भव्य आयोजन किया जाएगा। पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री व सांसद राधा मोहन सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर रेलवे यात्री संघ और अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय बैठक हुई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। इस विशेष कार्यक्रम के तहत संध्या 6 बजे विश्वस्तरीय बापूधाम मोतिहारी रेलवे स्टेशन और अमृत भारत रेलवे स्टेशन चकिया पर पांच-पांच हजार यानी कुल दस हजार दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस अनूठे आयोजन का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के साथ-साथ जनभागीदारी, सेवा और समर्पण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों और रेलवे से जुड़े लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।



