परिसीमन एप्प पर 8 सितंबर तक पोर्टल पर डेटा अपलोड करने का निर्देश,
Bettiah. रवि कुमार मिश्रा
बेतिया/नरकटियागंज। आगामी पंचायत चुनाव और जनगणना से पूर्व पंचायतों के परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। बुधवार को राज्य स्तर पर आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के तुरंत बाद प्रखंड मुख्यालय में बीडीओ सूरज कुमार सिंह और बीपीआरओ विवेक आर्या की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीडीओ सूरज कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि 2011 की जनगणना के आधार पर सभी राजस्व ग्रामों का देशांतर और अक्षांश निर्धारित करते हुए आगामी 8 सितंबर तक पंचायत परिसीमन ऐप पर डेटा अपलोड करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि पूर्व से निर्धारित सीमाओं के भीतर ही पॉइंट का निर्धारण किया जाना है और प्रत्येक राजस्व ग्राम के नक्शे के अनुसार डेटा को ऐप पर मार्क करना होगा। बीडीओ ने बताया कि प्रखंड में वर्तमान में कुल 611 इनोमरेटर ब्लॉक (ईवी) उपलब्ध हैं। कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए कर्मियों को प्रतिदिन कम से कम 125 से 130 ईवी का डेटा पोर्टल पर अपलोड करने का लक्ष्य सौंपा गया है। बैठक के दौरान मास्टर ट्रेनर प्रकाश कुमार द्वारा उपस्थित कर्मियों को परिसीमन ऐप के संचालन की तकनीकी जानकारी दी गई और मौके पर ही कर्मियों के मोबाइल में ऐप डाउनलोड कराकर प्रारंभिक कार्य शुरू कराया गया। बैठक में पंचायत सचिव विक्रांत राज, संतीश कुमार, मो. जलालुद्दीन, मो. सहब्बूदिन, अयंक कुमार सिंह, पीटीए इम्तेयाज अहमद, पूजा कुमारी, दीपक कुमार, लेखपाल राहुल कुमार, अभिनव कुमार, के अलावे मास्टर ट्रेनर बिरेन्द्र कुमार सिंह, के अलावे शिक्षकगण व विकास मित्र उपस्थित थे।



