HomeBIHARबेतियाजयकारों के बीच खुले मां दुर्गा के पट, डोली यात्रा के साथ...

जयकारों के बीच खुले मां दुर्गा के पट, डोली यात्रा के साथ दशहरा मेले का शुभारंभ

बेल पूजन में उमड़े श्रद्धालु, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार रहेगा मेला; सुरक्षा को लेकर पुलिस मुस्तैद

देश वाणी/अनिल कुमार शर्मा

मझौलिया। शारदीय नवरात्र की सप्तमी तिथि पर शनिवार को मझौलिया में भक्ति और उत्साह का माहौल रहा। जूथा लाल संस्कृत महाविद्यालय के पूजा पंडाल, मझौलिया गांव के वार्ड संख्या-1 स्थित माई स्थान और बखरिया देवी स्थान सहित विभिन्न पूजा स्थलों पर सुबह से ही मां दुर्गा के जयकारे गूंजते रहे। गाजे-बाजे के साथ निकली डोली यात्राओं और विधिवत बेल पूजन के बाद मां दुर्गा के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही क्षेत्र में दशहरा मेले की रौनक बढ़ गई।

गाजे-बाजे के साथ निकली डोली यात्रा

मझौलिया गांव के माई स्थान से मां की डोली यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। जयकारे लगाते हुए श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। डोली यात्रा में शामिल आकर्षक झांकियां लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विधिवत बेल पूजन के बाद डोली पुनः माई स्थान पहुंची, जहां आचार्य ओमप्रकाश तिवारी ने पूजा-अर्चना शुरू कराई। यजमान की भूमिका प्रमोद साह ने निभाई। इस अवसर पर अजय सिंह, मनोज साह, नंदू साह, मुकेश चौरसिया, सुरेंद्र साह और विजय साह सहित सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

बेल पूजन के बाद खुले मां के पट

इधर, जूथा लाल संस्कृत महाविद्यालय परिसर से भी ‘जय माता दी’ के जयकारों के बीच डोली यात्रा निकाली गई। यात्रा मझौलिया बाजार के विभिन्न मार्गों से होते हुए बाबू क्वार्टर पहुंची, जहां आचार्य विंध्यवासिनी तिवारी ने विधिवत बेल पूजन कराया। इस दौरान यजमान की भूमिका रंजन पटेल ने निभाई। बेल पूजन संपन्न होने के बाद डोली वापस पूजा पंडाल पहुंची। विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए मां दुर्गा के पट खोल दिए गए। पट खुलते ही दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गुलजार रहेगा मेला

पूजा समिति के सचिव अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मां दुर्गा के पट खुलने के साथ ही दशहरा मेले का शुभारंभ हो गया है। मेले के दौरान प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को उत्सव का आनंद मिलेगा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस मुस्तैद

दशहरा मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। थानाध्यक्ष अमर कुमार ने बताया कि प्रमुख चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग कर पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार निगरानी रखेगी, ताकि मेला शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular