HomeBIHARमोतिहारीरक्सौल में श्रद्धा और भक्ति के साथ निकली मां दुर्गा की डोली...

रक्सौल में श्रद्धा और भक्ति के साथ निकली मां दुर्गा की डोली यात्रा, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

रक्सौल। अनिल कुमार। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन शनिवार को मां दुर्गा की डोली यात्रा श्रद्धा और भक्ति के साथ निकाली गई। दुर्गा पूजा के अवसर पर शहर के विभिन्न पूजा समितियों की ओर से गाजे-बाजे के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए डोली यात्रा निकाली गई। इस दौरान माता के जयकारों और देवी भजनों से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।

रक्सौल के राम जी चौक, कोइरिया टोला, कौड़िहार चौक, ब्लॉक रोड, आश्रम रोड, लक्ष्मीपुर, स्टेशन रोड और मौजे चौक सहित विभिन्न पूजा पंडालों से डोली यात्रा निकाली गई। परंपरा के अनुसार, सूक्ष्म बेल के रूप में मां दुर्गा को डोली में विराजमान कर पूजा पंडाल तक लाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भक्त देवी भजनों की धुन पर झूमते और नाचते नजर आए। पूरे रास्ते श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

डोली यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह पानी और शरबत की व्यवस्था की गई थी। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए रक्सौल पुलिस की टीम मुस्तैद रही। रक्सौल थाना के पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष रमेश कुमार महतो स्वयं गश्त करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए।

डोली यात्रा संपन्न होने के बाद पूजा समितियों की ओर से पूजा पंडालों में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद मां दुर्गा का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया। पट खुलते ही माता के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी। शहर में दुर्गा पूजा को लेकर उत्साह और चहल-पहल बनी हुई है।

फोटो -रक्सौल में श्रद्धा और भक्ति के साथ निकली मां दुर्गा की डोली यात्रा, दर्शन को उमड़े श्रद्धालु

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular