देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
पूर्वी चंपारण जिले के हरसिद्धि थाना पुलिस ने दहेज हत्या के एक चर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन माह से फरार चल रहे आरोपित ससुर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की पहचान घीवाढार निवासी महेन्द्र साह के रूप में हुई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, 20 फरवरी 2026 को हरसिद्धि थाना क्षेत्र के घीवाढार गांव से विवाहिता ममता देवी का शव बरामद हुआ था। ममता देवी की शादी घीवाढार निवासी रुपेश साह से हुई थी। घटना के बाद मृतका की मां, लखौरा थाना क्षेत्र के सरसौंला गांव निवासी मुस्मात बबिता ने हरसिद्धि थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
दर्ज एफआईआर में मृतका के पति रुपेश साह, ससुर महेन्द्र साह समेत कुल सात लोगों को आरोपित बनाया गया था। आवेदन में आरोप लगाया गया था कि दहेज में बाइक और चार लाख रुपये की मांग पूरी नहीं होने पर ममता देवी की हत्या कर दी गई। मामले के दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर हरसिद्धि थाना पुलिस ने घीवाढार गांव में छापेमारी कर फरार चल रहे महेन्द्र साह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि दहेज हत्या मामले में फरार आरोपित महेन्द्र साह को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












