Homeबिहारबेतियादूसरी सोमवारी पर शिवभक्ति में डूबा पश्चिम चम्पारण, प्रमुख शिवालयों में लगी...

दूसरी सोमवारी पर शिवभक्ति में डूबा पश्चिम चम्पारण, प्रमुख शिवालयों में लगी भक्तों की कतार

-

हर-हर महादेव और बोलबम के जयघोष से गूंजा पश्चिम चम्पारण, प्रमुख मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

देश वाणी

बेतिया। सावन की दूसरी सोमवारी पर सोमवार को पश्चिम चम्पारण पूरी तरह शिवमय नजर आया। जिला मुख्यालय बेतिया से लेकर नरकटियागंज, लौरिया, रामनगर समेत जिले के प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिरों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। हर-हर महादेव, बोलबम और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।

सावन की सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। अत्यधिक महत्वपूर्ण एवं भीड़ वाले शिवालयों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। मंदिर परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की सुविधा तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए।

बेतिया शहर के ऐतिहासिक जोड़ा शिवालय, सागर पोखरा स्थित मनोकामना शिव मंदिर, लालबाजार शिवालय, पिउनीबाग शिव मंदिर, हरिवाटिका शिव मंदिर और तीन लालटेन चौक स्थित महादेव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। महिला और पुरुष श्रद्धालु अपनी बारी की प्रतीक्षा में कतारबद्ध नजर आए। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, फूल, भांग, धतूरा, दूध, मधु और प्रसाद अर्पित किया।

सागर पोखरा स्थित मनोकामना शिव मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त से ही बड़ी संख्या में शिवभक्त पहुंचने लगे थे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-शांति, समृद्धि तथा राष्ट्र के कल्याण की कामना की। हरिवाटिका शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की आस्था का क्रम पूरे दिन जारी रहा। मंदिर परिसर में विशेष उत्साह का माहौल बना रहा।

बेतिया राज परिसर स्थित ऐतिहासिक जोड़ा शिवालय में भी जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतार रही। श्रद्धालुओं ने देवाधिदेव महादेव का जलाभिषेक कर भांग, धतूरा, बेलपत्र, दूध और मधु अर्पित किया तथा जग कल्याण की कामना की। मंदिरों में घंटियों की गूंज, मंत्रोच्चार और शिवभक्तों के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

नरकटियागंज में भी दिखा भक्ति का उत्साह

नरकटियागंज अनुमंडल क्षेत्र के पोखरा चौक शिवालय, बनवरिया धाम शिवालय, बिड़ला मंदिर, शिकारपुर थाना परिसर स्थित शिवालय तथा देवी स्थान मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। बनवरिया धाम शिवालय में प्रातःकाल से ही शिवभक्त जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए कतारबद्ध रहे। श्रद्धालु बोलबम और हर-हर महादेव का जयघोष करते हुए भगवान शिव को जल, पुष्प और बेलपत्र अर्पित करते रहे।

हरदीटेढ़ा शिव मंदिर में भी सुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ जुटी रही। महिला-पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी जलाभिषेक के लिए पहुंचे। जय शिव-जय शिव, बोलबम-बोलबम और हर-हर महादेव के जयघोष से नरकटियागंज से हरदीटेढ़ा तक का क्षेत्र गूंजता रहा।

लौरिया और रामनगर में भी उमड़े श्रद्धालु

लौरिया प्रखंड के बनकटवा स्थित प्रसिद्ध कोटेश्वर महादेव शिवालय में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। शिवभक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, फूल और प्रसाद अर्पित किया। वहीं रामनगर के राज शिवालय नर्मदेश्वर महादेव में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

सावन की दूसरी सोमवारी पर जिले के तमाम शिवालयों में श्रद्धा और भक्ति का ऐसा संगम देखने को मिला, मानो पूरा पश्चिम चम्पारण भगवान भोलेनाथ की भक्ति में डूब गया हो। दिनभर मंदिरों में गूंजते हर-हर महादेव और बोलबम के जयकारों ने सावन की आस्था को और जीवंत कर दिया।

Related articles

Bihar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts