Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। भारत-नेपाल सीमा पर तैनात 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल और बिहार पुलिस की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किया है। बी समवाय नगरदेही के कार्यक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 423/7 से करीब 30 मीटर भारतीय क्षेत्र के अंदर चलाए गए नाका अभियान के दौरान 11.02 किलोग्राम गांजा और एक बाइक बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार, बीते 7 अगस्त की रात करीब 8:00 बजे एसएसबी के सहायक उप-निरीक्षक अश्वनी कुमार के नेतृत्व में एसएसबी और भंगहा पुलिस की संयुक्त टीम नाका लगाकर गश्त कर रही थी। उसी दौरान नेपाल की ओर से एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति भारत की सीमा में प्रवेश करता दिखाई दिया। सुरक्षा बलों की मौजूदगी का अहसास होते ही तस्कर कुछ दूरी पर अपनी मोटरसाइकिल और सामान छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घटनास्थल की तलाशी लेने पर वहां से एक बोरी बरामद हुई, जिसके अंदर एक बड़ा पैकेट रखा हुआ था। पैकेट की जांच करने पर उसमें से लगभग 11.02 किलोग्राम मादक पदार्थ (गांजा) बरामद हुआ। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि तस्कर इस गांजे की खेप को नेपाल से भारत में बेचने और मोटी कमाई करने की फिराक में था।घटना की जानकारी तुरंत समवाय प्रभारी को दी गई। इसके पश्चात जब्त की गई मोटरसाइकिल और बरामद गांजे को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भंगाहा पुलिस थाना को सुपुर्द कर दिया गया है।












