देशवाणी
बेतिया : पश्चिम चम्पारण जिला के उप विकास आयुक्त काजले वैभव नितिन ने वृन्दावन स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में शामिल हुए। कार्यक्रम का श्रीगणेश दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना से किया गया। उप विकास आयुक्त ने विद्यालय परिवार को स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए, शुभकामना व्यक्त किया। उन्होंने विचार अभिव्यक्त करते हुए कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने वाला देश का एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में सफलता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं नेतृत्व क्षमता के विकास का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। शिक्षकों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का आग्रह किया। स्थापना दिवस समारोह में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबको आकर्षित किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति की प्रशंसा डीडीसी ने किया और उनकी उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य,शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा शामिल हुए।












