बेतिया से बगहा जाने के क्रम में सिसवनिया पहुंचे ग्रामीण विकास मंत्री, सांसद सुनील कुशवाहा समेत जदयू के कई नेता रहे मौजूद।
देश वाणी। नौशाद अहमद। लौरिया।
लौरिया। दिवंगत जदयू जिलाध्यक्ष एवं सिसवनिया पंचायत के पूर्व मुखिया कन्हैया कुशवाहा के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने गुरुवार को बिहार सरकार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार उनके पैतृक आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और दिवंगत नेता के निधन पर गहरी संवेदना प्रकट की।
मंत्री श्रवण कुमार बेतिया से बगहा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने लौरिया प्रखंड की सिसवनिया पंचायत पहुंचकर दिवंगत कन्हैया कुशवाहा के परिवार से मुलाकात का कार्यक्रम बनाया। इस अवसर पर वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुशवाहा भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने परिवार के सदस्यों से बातचीत कर इस दुख की घड़ी में अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मंत्री के सिसवनिया पहुंचने की सूचना मिलते ही स्थानीय जदयू नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जुटना शुरू हो गया। उनके आगमन को लेकर पंचायत में राजनीतिक एवं सामाजिक गतिविधियां भी देखने को मिलीं। इस दौरान लौरिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी संजीव कुमार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष हिमांशु कुमार, टाइगर कुमार सहित सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि कन्हैया कुशवाहा सिसवनिया पंचायत के मुखिया रहने के साथ जदयू के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके थे। उनके निधन से क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक का माहौल है। मंत्री की इस मुलाकात को दिवंगत नेता के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करने के रूप में देखा गया।



