देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
बिहार सरकार के 100 दिन पूरे होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा समाहरणालय परिसर स्थित राजेंद्र भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो प्रखंड कृषि पदाधिकारी सहित नौ कृषि कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार, एडीएम मुकेश कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी मनीष कुमार सिंह समेत कई वरीय अधिकारियों ने चयनित कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में कृषि क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और कर्मियों की सराहना की गई।
सम्मानित होने वालों में अरेराज के बीएओ अमरेंद्र कुमार, ढाका के बीएओ इंद्रजीत कुमार, रामगढ़वा के कृषि समन्वयक धर्मेंद्र सिंह, मोतिहारी के कृषि समन्वयक प्रेमचंद्र मिश्र, हरसिद्धि के किसान सलाहकार ठाकुर जय राम सिंह, तुरकौलिया के किसान सलाहकार राजेश कुमार वर्मा, पिपरा कोठी के एटीएम राजेश्वर सिंह, पहाड़पुर के बीटीएम अभिषेक कुमार तथा किसान सलाहकार अफसारुल हक शामिल हैं।
इस मौके पर डीएओ मनीष कुमार सिंह ने कहा कि सेवा, समर्पण और मेहनत के साथ कार्य करने से हमेशा बेहतर परिणाम मिलते हैं। उन्होंने सभी कृषि कर्मियों को किसानों के हित में इसी तरह निष्ठा से काम करते रहने की अपील की।
डीडीसी डॉ. प्रदीप कुमार और एडीएम मुकेश कुमार ने भी सम्मानित कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के सम्मान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और वे और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं। कार्यक्रम में अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।












