देश वाणी। दिलीप दुबे
मोतिहारी। बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री नितीश मिश्रा के नेतृत्व में प्रदेश के नगरों और शहरों का सर्वांगीण विकास हो रहा है, जिसकी सराहना करते हुए मोतिहारी नगर निगम के उप महापौर डॉ. लाल बाबू प्रसाद ने शहर की ज्वलंत समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण माँग पत्र प्रेषित किया है। उप महापौर ने शहर को जाम और अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने के लिए फुटपाथ दुकानों और टेम्पू ठहराव हेतु विशेष नीति बनाने तथा वेंडिंग ज़ोन व पार्किंग व्यवस्था के लिए पर्याप्त राशि निर्गत करने का आग्रह किया है।
इसके साथ ही उन्होंने राज्य योजना मद में मोतिहारी नगर निगम की लंबित लगभग 10 करोड़ रुपये की बकाया राशि जल्द से जल्द जारी कराने की अपील की है, ताकि विकास कार्यों को रफ्तार मिल सके। जनप्रतिनिधियों के अधिकारों और सम्मान की बात करते हुए उन्होंने वार्ड पार्षदों सहित मुख्य एवं उप-मुख्य पार्षदों के भत्ते को कम से कम 5 गुना बढ़ाने की माँग रखी है।
नगर निगम के प्रशासनिक कार्यों को सुगम बनाने के लिए कार्यालय भवन निर्माण की फाइल व लागत विवरणी को स्वीकृत कर राशि निर्गत करने का अनुरोध किया है। साथ ही, अन्य विभागों की तर्ज पर नगर विकास विभाग में भी 15 लाख रुपये तक की विभागीय योजनाओं को पुनः लागू करने पर जोर दिया गया है, ताकि नगरीय क्षेत्रों के अति-आवश्यक छोटे विकास कार्य प्रभावित न हों। पत्र के अंत में उप महापौर डॉ. लाल बाबू प्रसाद ने राष्ट्रपिता बापू की पावन कर्मभूमि चंपारण (मोतिहारी) की पावन धरा पर मंत्री नितीश मिश्रा को ससम्मान पधारने के लिए आमंत्रित भी किया है।












