Motihari | आशा कुमारी।
मोतिहारी। जिले में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण के लिए पहचाने जाने वाले हरसिद्धि थानाध्यक्ष सुनील कुमार का तबादला बेतिया जिला कर दिया गया है। डीआईजी हरिकिशोर राय द्वारा जारी आदेश के तहत जिले में पांच वर्ष या उससे अधिक समय से पदस्थापित दारोगाओं का स्थानांतरण किया गया है, जिसमें सुनील कुमार का नाम भी शामिल है। उनके तबादले की खबर सामने आते ही क्षेत्र में चर्चा का माहौल बन गया है।
सुनील कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान हरसिद्धि थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कई ईनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का काम किया। इसके अलावा शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही। शराब तस्करों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर उन्होंने पुलिस की सख्ती का संदेश दिया।
बताया जाता है कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कई फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया तक पहुंचाया। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देशों पर खरा उतरते हुए उन्होंने हर चुनौतीपूर्ण स्थिति में सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी कार्यशैली में अनुशासन, तत्परता और निष्पक्षता स्पष्ट रूप से दिखाई देती थी।
हरसिद्धि थाना का प्रभार संभालने से पहले सुनील कुमार कुंडवा चैनपुर, छतौनी, तुरकौलिया और पिपरा जैसे महत्वपूर्ण थानों की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में उनकी तैनाती के दौरान भी उन्होंने अपराध नियंत्रण में उल्लेखनीय सफलता हासिल की थी। यही कारण है कि वे पुलिस विभाग के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी काफी लोकप्रिय रहे।
अपने तबादले को लेकर सुनील कुमार ने कहा कि वे हमेशा अपने कर्तव्य के प्रति सजग रहे हैं और ईमानदारी से काम करना ही उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करते हुए उन्हें सुकून मिलता है और आगे भी वे इसी भावना के साथ कार्य करते रहेंगे।
वहीं, बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष निकेश सिंह चौहान ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय बाद हरसिद्धि को एक ऐसे थानाध्यक्ष मिले थे, जिन्होंने कम समय में ही अपनी कार्यशैली से लोगों के दिलों में जगह बना ली। उन्होंने कहा कि सुनील कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी है, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा।



