>शव मिलते ही परिजनों में मचा कोहराम, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया,
>पंडई और हड़बोड़ा नदी में हुआ था हादसा, तीसरे बच्चे की तलाश में जुटी एसडीआरएफ की टीम,
Bettiah. रवि कुमार मिश्रा।
बेतिया/नरकटियागंज। क्षेत्र में दो अलग-अलग दिनों में नदी में डूबने से लापता हुए तीन बच्चों में से दो के शव शनिवार को बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक बच्चे की तलाश अब भी जारी है। शव मिलने की सूचना के बाद से ही परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने पंडई नदी में एक शव को तैरते हुए देखा। इसकी सूचना तुरंत साठी थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला और शिनाख्त के लिए परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने मृतक के कपड़ों को देखकर उसकी पहचान सोफवा गाँव निवासी 17 वर्षीय सुल्तान साईं के रूप में की। सुल्तान का शव साठी थाना क्षेत्र के परसौनी गाँव से पहले, नदी के पुल से लगभग 50 मीटर पूरब दिशा में मिला।
वहीं दूसरी तरफ, हड़बोड़ा नदी में डूबी 12 वर्षीय प्रियंका कुमारी का शव भी शनिवार को बरामद कर लिया गया है। हालांकि, खैरवा टोला निवासी 14 वर्षीय रेहान अंसारी का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। रेहान की सुरक्षित बरामदगी के लिए एसडीआरएफ की टीम नदी में लगातार सघन तलाशी अभियान चला रही है।उल्लेखनीय है कि बीते 16 जुलाई को खैरवा निवासी रेहान अंसारी और सोफवा निवासी सुल्तान साईं पंडई नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए थे और डूब गए थे। इसके अगले ही दिन यानी 17 जुलाई को धूमनगर गदियानी टोला के समीप हड़बोड़ा नदी में नहाते समय प्रियंका कुमारी भी पानी के तेज बहाव में बह गई थी। घटना के बाद से ही स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल तीनों की खोजबीन में जुटे थे। वही लापता रेहान अंसारी के परिजन अब भी उसकी सकुशल बरामदगी की आस लगाए बैठे हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी में सर्च ऑपरेशन को और तेज करने की मांग की है ताकि रेहान का जल्द से जल्द पता चल सके।
राजस्व अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि नदी में डूबे तीन बच्चों में से दो के शव शनिवार को बरामद कर लिए गए हैं। विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। खैरवा निवासी रेहान का शव अभी नहीं मिल पाया है, जिसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।












