आशा कुमारी। देशवाणी
मोतिहारी।
मोतिहारी प्रखंड अंतर्गत रामगढ़वा पैक्स के ग्राम बरहरवा में बुधवार को इफको द्वारा बीज शोधन महाअभियान के तहत किसानों के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों के धान के बिचड़ा का नैनो डीएपी (तरल) से बीज उपचार कर आधुनिक खेती की तकनीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के तहत किसान विंदा राय एवं दिनेश राय के खेत में धान के बिचड़ा का नैनो डीएपी से शोधन किया गया। मौके पर उपस्थित इफको के एसएफए शिवम कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि नैनो डीएपी से बीज शोधन करने पर पौधों की वृद्धि बेहतर होती है और फसल की पैदावार में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि यह तकनीक न केवल कम लागत में बेहतर उत्पादन देती है, बल्कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में भी सहायक है। शिवम कुमार ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे पारंपरिक तरीकों के साथ-साथ नई तकनीकों को अपनाएं और नैनो डीएपी का उपयोग कर धान के बिचड़ा का शोधन करें, ताकि उन्हें अधिक उत्पादन और बेहतर लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी बताया कि इफको द्वारा चलाया जा रहा यह महाअभियान किसानों को वैज्ञानिक खेती की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। इस अवसर पर रामगढ़वा पैक्स अध्यक्ष सिपाही राय सहित शिवम कुमार, अतुल कुमार और अन्य गणमान्य किसान मौजूद रहे। सभी ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे किसानों के लिए लाभकारी बताया। कार्यक्रम के दौरान किसानों को बीज शोधन की विधि, उसके लाभ और उपयोग की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों ने भी इसमें रुचि दिखाते हुए इसे अपनाने की बात कही। इफको का यह अभियान क्षेत्र के किसानों के बीच आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, जिससे खेती को अधिक लाभकारी और टिकाऊ बनाया जा सके।












