देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
पूर्वी चम्पारण जिले के सभी थानों में अब पुलिस जवानों और पदाधिकारियों को मेस के माध्यम से पौष्टिक और संतुलित भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इस दिशा में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने एक विशेष पहल करते हुए विस्तृत मेनू जारी किया है। जारी मेनू में स्वास्थ्यवर्धक और पोषण से भरपूर खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दी गई है, ताकि पुलिसकर्मी शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बने रहें। मेनू में नियमित रूप से फल, अंकुरित चना, अंडा, हरी सब्जियां, दाल, चावल और रोटी जैसे संतुलित आहार को शामिल किया गया है। इसके अलावा समय-समय पर अन्य पौष्टिक व्यंजन भी दिए जाएंगे, जिससे भोजन में विविधता बनी रहे और जवानों को आवश्यक पोषक तत्व मिलते रहें। एसपी स्वर्ण प्रभात का मानना है कि यदि पुलिस बल स्वस्थ और ऊर्जावान रहेगा, तो उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और वे बेहतर ढंग से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्षम होंगे। गौरतलब है कि हाल ही में जिले के सभी थानों में मेस व्यवस्था की शुरुआत की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को स्वच्छ, नियमित और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। पहले कई स्थानों पर जवानों को भोजन की समुचित व्यवस्था नहीं मिल पाती थी, जिससे उनकी दिनचर्या और स्वास्थ्य प्रभावित होता था। इस नई पहल से अब उन्हें राहत मिली है। एसपी के इस फैसले का पुलिस जवानों के बीच सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। जवानों ने इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि इससे न केवल उनके स्वास्थ्य में सुधार होगा, बल्कि ड्यूटी के दौरान ऊर्जा और उत्साह भी बना रहेगा। कुल मिलाकर यह पहल पुलिस बल के मनोबल और कार्यकुशलता को बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।












