देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
हरसिद्धि थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर गायघाट चौक स्थित एक किराना दुकान में छापेमारी कर पुलिस ने करीब 112 ग्राम गांजा व नकद 4780 रुपया के साथ दुकानदार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ध्रुप साह के रूप में हुई है। जो गायघाट बाजार के रहने वाले है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त किराना दुकान की आड़ में मादक पदार्थों की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से करीब 112 ग्राम गांजा व नकद 4780 रुपया बरामद किया गया, जिसके बाद दुकानदार को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। बताया जाता है कि पिछले वर्ष अक्टूबर माह में भी ध्रुव साह को मादक पदार्थ और देशी चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल से बाहर आने के बाद भी वह अपनी गतिविधियों से बाज नहीं आया और फिर से किराना दुकान के आड़ में नशीले पदार्थों का अवैध कारोबार शुरू कर दिया।थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में नशा के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इस तरह की सख्ती से इलाके में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम लगेगी।












