देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
अरेराज अनुमंडल मे डिजिटल मीडिया पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पत्रकारिता की वर्तमान चुनौतियों, सोशल मीडिया की भूमिका और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकार शामिल हुए और सभी ने एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।बैठक को संबोधित करते हुए संघ के प्रदेश अध्यक्ष संदीप भारद्वाज ने कहा कि पत्रकारिता एक जिम्मेदारी भरा कार्य है और सभी पत्रकारों को कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष, संतुलित और तथ्यात्मक खबरों का प्रसारण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के दौर में फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं का खतरा बढ़ गया है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी अधिक बढ़ जाती है कि वे सत्यापित खबरें ही जनता तक पहुंचाएं। वहीं संगठन के संस्थापक अध्यक्ष मुन्ना साह ने डिजिटल मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल मीडिया पत्रकार किसी भी घटना स्थल पर सबसे पहले पहुंचते हैं और त्वरित रूप से लोगों तक सूचना पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि यही वजह है कि आज डिजिटल मीडिया की अहमियत लगातार बढ़ रही है और इसे और अधिक मजबूत करने की आवश्यकता है। संगठन के सचिव नीरज ने कहा कि वर्तमान समय पूरी तरह से सोशल मीडिया का युग है। आज हर व्यक्ति के हाथ में स्मार्टफोन है, जिससे खबरें तेजी से वायरल होती हैं। ऐसे में डिजिटल पत्रकारों को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है, ताकि गलत या अपुष्ट खबरें समाज में न फैलें। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार पत्रकारिता ही समाज को सही दिशा दे सकती है। इस अवसर पर दिलीप दुबे, अजीत, सोहेल लाला, सूरज, धीरज कृष्णा, सन्नी, उदय, अजय, रेयाज, संजीत, सद्दाम, राजन पांडेय सहित कई अन्य सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने और पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।












