Homeबिहारमोतिहारीसिपाही भर्ती परीक्षा को ले मोतिहारी में उमड़ा परीक्षार्थियों का हुजूम, रेलवे...

सिपाही भर्ती परीक्षा को ले मोतिहारी में उमड़ा परीक्षार्थियों का हुजूम, रेलवे ने चलाईं स्पेशल ट्रेनें

-

देश वाणी। दिलीप दुबे

मोतिहारी। बिहार केंद्रीय चयन परिषद के तत्वाधान में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर बुधवार को मोतिहारी शहर में भारी गहमागहमी रही। परीक्षा में शामिल होने के लिए बिहार के विभिन्न जिलों से परीक्षार्थी मोतिहारी पहुंचे थे। मंगलवार रात से ही शुरू हुआ परीक्षार्थियों के आने का सिलसिला बुधवार दोपहर परीक्षा समाप्ति के बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ।

मंगलवार की रात से ही परीक्षार्थियों की भारी भीड़ बापूधाम मोतिहारी स्टेशन पर जुटने लगी थी। शहर के लगभग सभी होटल और लॉज फुल होने के कारण हजारों परीक्षार्थियों को सिर छुपाने की जगह नहीं मिली। मजबूरन अभ्यर्थियों ने बापूधाम स्टेशन के प्लेटफॉर्म और परिसर में ही खुले आसमान के नीचे रात्रि विश्राम किया।

बुधवार को शहर के विभिन्न केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोपहर एक बजे जैसे ही परीक्षा खत्म हुई, परीक्षार्थियों का हुजूम अपने घर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन की तरफ उमड़ पड़ा। कुछ ही देर में पूरा बापूधाम स्टेशन परिसर परीक्षार्थियों से खचाखच भर गया।

स्टेशन पर अचानक बढ़ी भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। सुरक्षाकर्मियों ने लाउड हेलर के माध्यम से लगातार घोषणाएं कर परीक्षार्थियों को शांत रहने और धैर्य बनाए रखने के लिए जागरूक किया। परीक्षार्थियों की भारी तादाद को देखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा परीक्षा स्पेशल ट्रेनें भी चलाई गईं, जिससे छात्रों को काफी सहूलियत हुई।

आरपीएफ पोस्ट कमांडर भरत प्रसाद ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उन्होंने पुष्टि की कि स्टेशन पर मौजूद सभी परीक्षार्थी सुरक्षित रूप से परीक्षा स्पेशल और अन्य नियमित ट्रेनों में सवार होकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। प्रशासन और रेलवे की मुस्तैदी के कारण इतनी बड़ी भीड़ के बावजूद स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।

Related articles

Bihar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest posts