HomeUncategorizedसोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन पड़ा महंगा, हरसिद्धि पुलिस ने युवक...

सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन पड़ा महंगा, हरसिद्धि पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

देश वाणी – विवेक शर्मा 

हरसिद्धि (पूर्वी चंपारण)। सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दबंगई दिखाने और युवाओं के बीच गलत संदेश फैलाने वालों के खिलाफ हरसिद्धि पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में सोशल मीडिया पर हथियार के साथ फोटो एवं वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर एक युवक द्वारा हथियार का प्रदर्शन करते हुए फोटो एवं वीडियो पोस्ट किए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए हरसिद्धि थाना पुलिस ने वायरल फोटो की जांच शुरू की। तकनीकी अनुसंधान एवं सत्यापन के दौरान युवक की पहचान रूपेश कुमार, पिता रविंद्र दास, निवासी रंजिता ततवा टोली, थाना हरसिद्धि, जिला पूर्वी चंपारण के रूप में की गई।

पहचान होने के बाद पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि वायरल फोटो और वीडियो कब तथा किस उद्देश्य से बनाए गए थे, इसकी भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करना कानूनन गंभीर मामला है। ऐसे कृत्य समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करते हैं तथा युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित कर सकते हैं। इसलिए इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है और दोषी पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

हरसिद्धि थाना पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री साझा करने से बचें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने या लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

फिलहाल गिरफ्तार युवक के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular