HomeNational'मन की बात' : भीषण गर्मी में गाइडलाइंस के साथ बरतें पूरी...

‘मन की बात’ : भीषण गर्मी में गाइडलाइंस के साथ बरतें पूरी सतर्कता -पीएम मोदी

PIB, 31 May,

नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से देश भर में पड़ रही भीषण गर्मी के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतने और इस संबंध में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जारी गाइडलाइंस का पालन करने का आग्रह किया है। आकाशवाणी पर अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के माध्यम से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि लोग लगातार पानी पीते रहें और धूप में बाहर निकलते समय पूरी सतर्कता बरतें।

प्रधानमंत्री ने गर्मी से बचाव के लिए देश के विभिन्न हिस्सों में पारंपरिक रूप से बनाए जाने वाले पेय पदार्थों जैसे आम पन्ना, छाछ, लस्सी, सत्तू का शरबत, बेल का पन्ना, पनाकम, नीर मोर, संबारम, कोकम शरबत और सोलकढ़ी पीने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि ये पेय पदार्थ ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को दर्शाते हैं। हालांकि इनकी कोई बड़ी ब्रांडिंग नहीं है, लेकिन इनमें पीढ़ियों का अनुभव समाहित है।

गर्मियों में आम की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र का अपना खास आम, स्वाद और सुगंध है। उन्होंने काशी के लंगड़ा, महाराष्ट्र के अलफांसो, गुजरात के केसर और पश्चिम बंगाल के हिमसागर जैसी विभिन्न किस्मों का जिक्र किया। पीएम ने आम की खेती से जुड़े किसानों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि आम का यह सफर अब गांव से वैश्विक बाजार तक पहुंच रहा है। ये किसान हमारी कृषि अर्थव्यवस्था के लिए बेहद खास हैं।

नीदरलैंड से चोल काल की ताम्रपत्रों की हुई वापसी

प्रधानमंत्री ने अपनी हालिया नीदरलैंड यात्रा का भी उल्लेख किया, जहां एक विशेष समारोह में चोल काल के प्राचीन ताम्रपत्र भारत को वापस सौंपे गए। उन्होंने कहा, ‘लोग इस पर खुशी और गर्व व्यक्त कर रहे हैं, तथा दुनिया भर का तमिल समुदाय भी इसे लेकर विशेष रूप से उत्साहित है।’ इन ताम्रपत्रों में 21 बड़े और तीन छोटे ताम्रपत्र शामिल हैं, जो चोल राजवंश की उपलब्धियों और उनके नौसैनिक सामर्थ्य के साथ-साथ दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों के साथ उनके संबंधों की जानकारी देते हैं। सरकार देश की इस अमूल्य विरासत को सहेजने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। ज्ञान भारतम अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के मल्हार में एक महत्वपूर्ण खोज हुई है, जहां छठी-सातवीं शताब्दी के पांडुवंशी राजवंश के महर्षि बालार्जुन से संबंधित तीन दुर्लभ ताम्रपत्र मिले हैं।

राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के रिकॉर्डधारियों को दी बधाई

प्रधानमंत्री ने रांची में आयोजित नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन कंपटीशन की चर्चा की, जिसमें करीब 800 एथलीटों ने भाग लिया। उन्होंने विभिन्न स्पर्धाओं में चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने के लिए गुरिंदर वीर सिंह, विशाल टी.के., तेजस्विन शंकर, देव मीना और कुलदीप कुमार को बधाई दी। उन्होंने 100 मीटर दौड़ में रिकॉर्ड तोड़ने वाले गुरिंदर वीर सिंह और अनिमेश कुजुर से कार्यक्रम के दौरान बात भी की। पीएम ने युवाओं से छुट्टियों के दौरान एस्ट्रोनॉमी क्लबों से जुड़ने और तारामंडल (प्लेनेटेरियम) का भ्रमण करने का आग्रह किया।

नदी संरक्षण और समाज सेवा के नायकों की सराहना

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में एक नहर में फंसी गांगेय डॉल्फिन को बचाए जाने के वीडियो का जिक्र करते हुए ‘नमामि गंगे अभियान’ के तहत बनी भारत की पहली गंगा डॉल्फिन रेस्क्यू एम्बुलेंस की भूमिका को सराहा। इसके अलावा, उन्होंने केरल के अलुवा के सजी वलाशेरिल (निशुल्क स्विमिंग क्लब संचालक), उत्तर प्रदेश के बस्ती के आकाश गुप्ता (मनोरमा नदी की सफाई), गोवा के सेवानिवृत्त शिक्षक बालकृष्ण ऐया (जल संकट का समाधान) और तमिलनाडु के नागरकोइल की शिक्षिका गिरिजा अम्मा (सैनिकों के लिए 40 लाख रुपये का योगदान) के प्रेरक कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने चेन्नई के पहले हिंदू स्कूल की 50वीं वर्षगांठ पर देश की शिक्षा और सांस्कृतिक गौरव को आगे बढ़ाने में उसकी भूमिका को भी सराहनीय बताया।

New Delhi | PM Modi in Mann Ki Baat: Citizens urged to stay safe amid severe heat wave, hails recovery of ancient Chola copper plates

Slug URL

national-pm-modi-mann-ki-baat-heat-wave-guidelines-chola-dynasty-copper-plates

Tag Line

PM Modi Mann Ki Baat, Heat Wave Advisory, Chola Dynasty Copper Plates, National Athletics Records, Heritage Conservation India

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular