दो दिन पूर्व भी ईनामी शराब माफिया को पुलिस ने था पकड़ा।
मोतिहारी। आशा कुमारी
हरसिद्धि थाना पुलिस अवैध शराब कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाते हुए एक के बाद एक सफलता हासिल कर रही है। इसी कड़ी में शनिवार को पुलिस ने छापेमारी कर 7 हजार रुपये के इनामी शराब माफिया अशोक साहनी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी भादा पंचायत के दामोवृति गांव निवासी हीरानंद साहनी का पुत्र बताया गया है। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी और वह फरार चल रहा था। थानाध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। बताया जाता है कि अशोक साहनी के खिलाफ हरसिद्धि थाना में करीब आठ शराब से संबंधित मामले दर्ज हैं, जिसके कारण वह पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी उपलब्धि मान रही है। गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को भी हरसिद्धि पुलिस ने छापेमारी कर 5 हजार रुपये के इनामी शराब कारोबारी उदय पटेल को गिरफ्तार किया था। उदय पटेल गायघाट टाली का निवासी है और वह भी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को पूरी तरह समाप्त करने के लिए पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भरोसा बढ़ा है।
continuous-action-of-harsiddhi-police-liquor-mafia-arrested-with-reward-of-rs-7












