बेतिया/नरकटियागंज। नगर के आर्य समाज मंदिर परिसर में गुरुवार को एक भव्य सम्मान सह अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक, भाजपा विधायक सह बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान डॉ. संजीव चौरसिया शामिल हुए। मुख्य सचेतक के आगमन पर आर्य समाज के सदस्यों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पुष्प गुच्छ के साथ भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्य समाज के प्रधान रामेश्वर प्रसाद आर्य ने स्थानीय स्तर पर चल रहे धर्मांतरण के खेल और आर्य समाज को दान में मिली जमीन पर भू-माफियाओं द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे का गंभीर मुद्दा उठाया। उन्होंने इस मामले में स्थानीय पुलिस-प्रशासन की शिथिल भूमिका पर सवाल खड़े किए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई की मांग की।प्रधान की बातों को गंभीरता से सुनते हुए मुख्य अतिथि डॉ. संजीव चौरसिया ने मंच से भरोसा दिलाया कि समाज विरोधी तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन में कहा की धर्मांतरण और आर्य समाज की संपत्तियों पर अवैध कब्जे जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करेगी। जिस त्याग, तपस्या और बलिदान से हमारे पूर्वजों ने आर्य समाज और सनातन धर्म को आगे बढ़ाया है, उस गौरवशाली कड़ी को आगे ले जाने की जिम्मेदारी अब हम सबकी है। अभिनंदन समारोह के दौरान आर्य समाज की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर सुधीर कुमार आर्य, आर्यवीर दल के संचालक प्रशांत आर्य, अमरेश आर्य, विवेक आर्य समेत बड़ी संख्या में आर्य समाज के सदस्य और स्थानीय प्रबुद्ध लोग उपस्थित रहे।
राजकीय विद्यालय की शिक्षा और अनुशासन में सुधार को नई पहल, टॉल फ्री नम्बर पर करें शिकायत
-












