HomeUncategorizedनरकटियागंज ओवरब्रिज से 80 स्ट्रीट लाइट बैटरियां चोरी, जिला स्तरीय जांच की...

नरकटियागंज ओवरब्रिज से 80 स्ट्रीट लाइट बैटरियां चोरी, जिला स्तरीय जांच की मांग

बेतिया/नरकटियागंज। नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत रेलवे ओवरब्रिज पर लगी स्ट्रीट लाइटों की लगभग 80 बैटरियों के चोरी हो गई है। लाखों रुपये की सरकारी संपत्ति की इस बड़ी चोरी और नगर परिषद प्रशासन की कथित लापरवाही को लेकर शहरी एवं ग्रामीण विकास मंच ने जिला पदाधिकारी से शिकायत की है। और मामले में जिलास्तरीय निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मंच के संस्थापक सागर श्रीवास्तव ने डीएम को लिखे पत्र में बताया है कि इतनी बड़ी संख्या में बैटरियों का चोरी होना नगर परिषद की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद में लाखों रुपये खर्च कर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके बावजूद इन कैमरों का प्रभावी उपयोग नहीं हो सका, जिससे न तो समय रहते चोरी का पता चल पाया और न ही चोरों की पहचान हो सकी। इसे प्रशासनिक तंत्र की भारी लापरवाही माना जा रहा है। मामला उजागर होने के बाद नगर परिषद द्वारा इसकी जांच के लिए तीन वार्ड पार्षदों की एक टीम बनाई गई है। मंच ने मामले की पारदर्शिता के लिए जिला स्तर से निष्पक्ष जांच कराने, नप कार्यपालक पदाधिकारी या अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से अज्ञात चोरों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कराने तथा चोरी और सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार पदाधिकारियों व कर्मियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल, इस मामले के बाद से स्थानीय प्रशासन और नगर परिषद के कामकाज को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस पर कितनी जल्दी और क्या ठोस कदम उठाता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular