देश वाणी। सविता लोकप्रिय।
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के कोटवा प्रखंड स्थित भगवतिया मध्य विद्यालय परिसर में आउटडोर एवं इनडोर स्टेडियम सहित अन्य निर्माण कार्यों हेतु 3 करोड़ 29 लाख 6 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गयी थी,जिसका कार्य वर्तमान में जारी है।इस महत्वाकांक्षी खेल अवसंरचना परियोजना के निर्माण हेतु बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड,पटना को कार्यकारी अभिकरण के रूप में नामित किया गया था,जिसके द्वारा परियोजना का कार्य कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी द्वारा आज निर्माणाधीन स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया गया।इस स्टेडियम के निर्मित होने पर कोटवा प्रखंड एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा।विद्यालय परिसर में ही खेल सुविधा उपलब्ध होने से छात्र-छात्राओं को प्रारंभिक स्तर से ही व्यावसायिक खेल प्रशिक्षण का अवसर प्राप्त होगा।आउटडोर एवं इनडोर दोनों प्रकार की सुविधाओं के एकसाथ उपलब्ध होने से वर्षभर खेल गतिविधियाँ संचालित की जा सकेंगी,जिससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उभरने का अवसर मिलेगा।












