देश वाणी। निखिल।
मोतिहारी। जिलाधिकारी द्वारा आज मोतिहारी स्थित जन शिक्षण संस्थान का औचक निरीक्षण किया गया।संस्थान में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत महिला प्रशिक्षणार्थियों को सिलाई-कढ़ाई,ब्यूटी पार्लर एवं अन्य व्यावसायिक कौशल में प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय,भारत सरकार के तत्त्वावधान में संचालित यह संस्थान महिलाओं को स्वरोजगार के योग्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रशिक्षण कक्ष में जाकर महिला प्रशिक्षणार्थियों से सीधा संवाद किया तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता एवं उपस्थिति की जानकारी ली।उन्होंने संस्थान के संचालन,पाठ्यक्रम की प्रगति एवं प्रशिक्षण सामग्री की उपलब्धता की भी समीक्षा की।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास को भी सुदृढ़ करते हैं।जन शिक्षण संस्थान द्वारा नियमित प्रशिक्षण बैच संचालित किए जा रहे हैं।प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाते हैं,जो उन्हें स्वरोजगार अथवा रोजगार प्राप्त करने में सहायक होते हैं।












