अपराधियों के पास से एक लोडेड लोकलमेड पिस्टल, कारतूस और अपाचे बाइक बरामद।
शादी समारोह से लौट रहे वीडियोग्राफर से हथियार के बल पर की गयी थी लूटपाट।
लूटा गया वीडियो कैमरा, मोबाइल फोन और अन्य सहायक उपकरण बरामद।
देश वाणी। आशा कुमारी।
मोतिहारी। हरसिद्धि थाना पुलिस ने लूट की एक बड़ी वारदात का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई सामग्री के साथ-साथ घटना में प्रयुक्त हथियार और वाहन भी बरामद कर लिया है। यह सफलता अरेराज डीएसपी रवि कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम की त्वरित कार्रवाई से मिली है।
पकड़े गए अपराधियों की पहचान जागापाकड़ निवासी विशाल कुमार व रूपेश कुमार, कोटवा थाना क्षेत्र के दीप रंजन कुमार उर्फ सन्नी तथा गोविन्दगंज के सलमान आलम उर्फ सल्लू मियां के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया वीडियो कैमरा, दो मोबाइल, बैग और चार्जर बरामद किया है। इसके अतिरिक्त, घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक और एक लोडेड देशी पिस्टल भी जब्त की गई है।
वीडियोग्राफर से हुई थी लूट-
विदित हो कि 11 मई की रात हरसिद्धि पकड़िया निवासी रंजन कुमार संग्रामपुर के घुसियार गांव में एक शादी समारोह में वीडियोग्राफी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान दामोवृति नहर पुल के पास अपराधियों ने हथियार के बल पर उनका सारा सामान और बाइक लूट ली थी। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान के आधार पर की गई छापेमारी में सभी आरोपियों को दबोच लिया गया। गिरफ्तार अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।












