नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन-जानपुल रोड स्थित घर में घुसकर दंपति और बच्चों पर हमला
जितेंद्र कुमार गुप्ता पर गाली-गलौज का विरोध करने पर जानलेवा प्रहार का आरोप
गला दबाकर हत्या की कोशिश और महिला के साथ अभद्रता करने का लगा आरोप।
देश वाणी। अमृता वर्मा।
मोतिहारी। नगर थाना क्षेत्र के स्टेशन-जानपुल रोड स्थित पुराने एनसीसी कार्यालय के समीप एक घर में घुसकर दंपति के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का प्राथमिकी नगर थाने में दर्ज करायी गयी है। बताया गया है कि हमलावर ने जयंत कुमार गुप्ता और उनकी पत्नी पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दोनों पीड़ितों को तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना को लेकर जयंत ने नगर थाने में जितेंद्र कुमार गुप्ता को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है।
पीड़ित जयंत ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि देर रात आरोपित जितेंद्र ने उनके घर पर धावा बोल दिया और गाली-गलौज करने लगा। जब उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया, तो आरोपित ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। इस दौरान जब उनकी पत्नी और बच्चे बीच-बचाव करने आए, तो आरोपित ने उनके साथ भी बर्बरतापूर्वक मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपित फरार हो गया। नगर इंस्पेक्टर राजीव रंजन ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस अग्रिम कार्रवाई में जुटी है।












