मैत्री पुल के पास संदिग्ध स्थिति में दिखने पर आव्रजन अधिकारियों ने पूछताछ के बाद लिया हिरासत में
सुरक्षा एजेंसियां आरोपी के नेपाल भागने के पीछे के संभावित अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की कर रही हैं गहन जांच
देश वाणी। अनिल कुमार।
रक्सौल। भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध तरीके से सीमा पार करने की कोशिश कर रहे सोमालिया के एक नागरिक को गिरफ्तार किया है। रक्सौल बॉर्डर पर आव्रजन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी को उस समय दबोचा, जब वह मैत्री पुल के रास्ते नेपाल में प्रवेश करने की फिराक में था।
मामले की पुष्टि करते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष आनंद ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अहमद फराह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सोमालिया का निवासी है और इलाज के लिए मेडिकल वीजा पर भारत आया था। जांच में पता चला कि उसके वीजा की अवधि करीब चार माह पूर्व ही समाप्त हो चुकी थी, इसके बावजूद वह हैदराबाद में अवैध रूप से रह रहा था। वह भारत-नेपाल की खुली सीमा का लाभ उठाकर भागने की कोशिश में था।
दस्तावेजों में अनियमितता पाए जाने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसके अवैध प्रवास की पुष्टि हुई। इसके बाद हरैया थाना में विदेशी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह जांच कर रही हैं कि उसके नेपाल जाने का मुख्य उद्देश्य क्या था और क्या वह किसी अंतरराष्ट्रीय गिरोह से जुड़ा है।












