Bettiah| कुन्दन शुक्ला |
चनपटिया। प्रधानमंत्री आवास योजना में कथित घूसखोरी का मामला सामने आते ही प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है। चनपटिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रणव कुमार गिरि ने ग्रामीण आवास सहायक और पंचायत सचिव को नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का अल्टीमेटम दिया है। उप विकास आयुक्त, बेतिया के संज्ञान में आए एक प्रसारित वीडियो ने पूरे मामले को तूल दे दिया है।
आरोप है कि आवास योजना में नाम जोड़ने के बदले लाभुकों से खुलेआम पैसे वसूले गये। ग्रामीण आवास सहायक नवनीत कुमार शर्मा पर 1200 रुपये डिजिटल माध्यम से लेने का आरोप है, जबकि पंचायत सचिव अभिषेक कुमार दास पर 1000 रुपये नकद वसूलने की बात सामने आ रही है। इस खुलासे के बाद विभाग में हलचल तेज हो गयी है।
जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो आरोपों को प्रथम दृष्टया सही मानते हुए सीधे विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Bettiah | Allegations of bribery in housing scheme in Chanpatiya after video circulated: 24-hour ultimatum, otherwise direct action












