Motihari| अनिल कुमार|
रक्सौल। स्थानीय पुलिस ने प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक अवैध मनी एक्सचेंज काउंटर पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नेपाली एवं भारतीय रुपये बरामद कियेहैं। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया हैं। छापेमारी का नेतृत्व कर रहे थानाध्यक्ष सह आईपीएस अधिकारी हेमंत सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि बाटा चौक स्थित रेलवे ढाला के पास एक अवैध मनी एक्सचेंज काउंटर संचालित किया जा रहा हैं।
सूचना के आधार पर की गयी कार्रवाई में नगर परिषद क्षेत्र के कोइरिया टोला निवासी संजय कुमार (पिता-कमल महतो) के ठिकाने पर छापा मारा गया। पुलिस ने दुकान के अंदर विभिन्न स्थानों पर छिपाकर रखे गए लाखों के नेपाली और भारतीय रुपये बरामद किए। पुलिस ने मौके से संजय कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी हैं। छापेमारी दल में एसआई जितेंद्र कुमार, कृष्ण मुरारी और कुशलेश पांडेय सहित कई जवान शामिल थे।
इस अचानक हुई कार्रवाई से शहर के अन्य मनी एक्सचेंज संचालकों के बीच हड़कंप मच गया हैं। थानाध्यक्ष हेमंत सिंह ने स्पष्ट किया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध वित्तीय गतिविधियों पर पैनी नज़र रखी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि अन्य संदिग्ध ठिकानों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है और पुख्ता सूचना मिलते ही अग्रिम छापेमारी की जाएगी।












