देशवाणी
बेतिया। पश्चिम चम्पारण जिला मुख्यालय बेतिया में नार्थ बिहार पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड की कारगुजारी सामने आई है। जिसके अनुसार बेतिया स्थित लाल बाजार उप डाकघर के प्रीपेड स्मार्ट मीटर से सम्बंधित 38 लाख रुपये से अधिक का विद्युत अधिभार विपत्र आने से डाक विभाग में सनसनी फैल गई है। उल्लेखनीय है कि मई 2026 के विपत्र में उपभोक्ता संख्या 402338339 के प्रीपेड स्मार्ट मीटर की कनेक्शन तिथि 16 मई 2024 अंकित है। आश्चर्यजनक तथ्य यह है कि इस बिल में मई 2026 तक का वास्तविक ऊर्जा शुल्क मात्र 2,347.08 रुपये दर्शाया गया है, जबकि विलंब अधिभार शुल्क 2,65,309.93 रुपये और अन्य अधिभार 35,35,887.10 रुपये जोड़ा गया है। इस प्रकार प्रीपेड मीटर कनेक्शन का कुल बिल 38,03,544.11 रुपये प्रदर्शित है। डाक अधीक्षक के अनुसार बिजली विभाग के आधिकारिक डिमांड में लाल बाजार उप डाकघर के एक पुराने कनेक्शन (उपभोक्ता संख्या 400354964) का चर्चा किया है। सम्बंधित परिसर का कोई विवरण नहीं है। इसके लिए सहायक डाक अधीक्षक को जांच प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया है. इधर, बिजली आपूर्ति डिविजन के कार्यपालक अभियंता मनीष शाक्य ने बताया कि जारी बिल में पुराने बिजली कनेक्शन पर हुई आपूर्ति मद के बकाए को भी जोड़ा गया है, जिससे राशि बड़ी हुई है। इसकी विस्तार से जानकारी डाक विभाग के पदाधिकारियों को स्पीड पोस्ट से भेज दी गई है। उधर कार्यालय अभिलेख के आधार पर डाक अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि लाल बाजार उप डाकघर नये भवन में 15 जुलाई 2011 से संचालित है। तत्कालीन डाक अधीक्षक के विद्युत अभियंता को जून 2023 में लिखे पत्र के अनुसार, तब तक वहां कोई बिजली कनेक्शन नहीं रहा और डाकघर की व्यवस्था जनरेटर से संचालित रही। अत्यधिक पत्राचार के बाद मई 2024 में प्रीपेड स्मार्ट मीटर वाला नया कनेक्शन मिला, जिसे हर महीने करीब दो-दो हजार रुपये से रिचार्ज कराया जा रहा। फरवरी 2026 में बिजली कंपनी ने कनेक्शन काटने तक आपूर्ति जारी रखा। ऐसे में 38 लाख से अधिक का बिल आना समझ से कोसों दूर की कौड़ी है।












