देशवाणी। आशा कुमारी
मोतिहारी।
तुरकौलिया प्रखंड क्षेत्र के मिडिल स्कूल परशुरामपुर में कार्यरत विशिष्ट शिक्षिका सुधा कुमारी का सोमवार को पटना के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन से शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। वे अपने पीछे पति और तीन बच्चों को छोड़ गई हैं।
मूल रूप से मलाही थाना के पुरंदरपुर की रहने वाली सुधा कुमारी शहर के बेलबनवा में रहती थीं। बताया जाता है कि 17 सितंबर को वे अपने पति आशुतोष कुमार तिवारी के साथ वीक्षण कार्य के लिए स्कूटी से यूएमएस मुर्गिया टोला चरगहा जा रही थीं।
इसी दौरान तुरकौलिया बाजार के आगे पोखरा के समीप ब्रेकर पर स्कूटी असंतुलित हो गई और वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। हैरानी की बात यह है कि उस वक्त उनकी गोद में आठ माह की बेटी थी, जो सुरक्षित बच गई।
घटना के बाद उन्हें तुरंत पटना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। प्रखंड शिक्षक संघ के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय और सचिव शिव कुमार यादव ने बताया कि खबर सुनते ही सभी शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई। श्री पाण्डेय ने मृत शिक्षिका के आश्रित को मुआवाजा व सरकारी नौकरी देने की मांग किया है।
सभी विद्यालयों में छुट्टी के बाद शोक सभा का आयोजन किया गया। मिडिल स्कूल परशुरामपुर के प्रधानाध्यापक वीर बहादुर प्रसाद और शिक्षक प्रकाश चंद्र ने बताया कि वे 2022 से यहां पदस्थापित थीं। वे एक कर्तव्यनिष्ठ, मृदुभाषी और कार्यकुशल शिक्षिका थीं। उनके निधन से विद्यालय परिवार को अपूरणीय क्षति हुई है। निधन पर शिक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, प्रितेश कुमार, अभिषेक कुमार, शैलेन्द्र सिंह, आदित्य कुमार, शिक्षिका अर्चना पाण्डेय, सोनी रानी, नजराना खातून, कुमारी पुष्पा, कामोद भगत सहित अनेक ने गहरी संवेदना व्यक्त किया है।



