Bettiah| कुंदन कुमार शुक्ला|
चनपटिया| नगर पंचायत के वार्ड संख्या-14 स्थित पकड़ीहार में आयोजित 24 घंटे के अष्टयाम यज्ञ एवं अखंड रामधुन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। “श्री राम जय राम जय जय राम” के गूंजते मंत्रों से वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया। प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा एवं क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की कामना को लेकर इस धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया।
अष्टयाम यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाएं, पुरुष और बच्चे पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ रामनाम संकीर्तन में शामिल हुए। देर रात तक भजन-कीर्तन और रामधुन से माहौल भक्तिमय बना रहा। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां श्रद्धालुओं के बैठने और पूजा-अर्चना की विशेष व्यवस्था की गई थी।
पूजा समिति के सदस्य हरेश तिवारी, हरेंद्र तिवारी एवं अजित शुक्ला ने बताया कि 24 घंटे तक अखंड रामनाम जाप लगातार चलता रहेगा। इसके समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देते हैं।
ग्रामीणों ने भी आयोजन की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए सुख-समृद्धि का प्रतीक बताया।
Bettiah-unbroken-chanting-of-shri-rams-name-became-devotional- Chanpatia












